जिस प्रकार भारतीय काव्यशास्त्र में काव्य के स्वरूप और उसकी आत्मा को लेकर विभिन्न मतों का प्रतिपादन हुआ है उसी प्रकार पाश्चात्य आलोचना के क्षेत्र में विभिन्न युगों में विभिन्न चिंतकों ने काव्य साहित्य के मूल तत्व की खोज की है।
प्लेटो ने अनुकरण को साहित्य का मूल तत्व माना। इसका पल्लवन अरस्तू ने अपनी दृष्टि से किया और विरेचन को साहित्य का उद्देश्य स्वीकार किया। इसी प्रकार लोंजाइनस का औदात्य सिद्धांत है। इस सिद्धांत के द्वारा उन्होंने यह स्पष्ट किया कि कोई भी कलाकृति या काव्यकृति उदात्त तत्व के बिना श्रेष्ठ रचना नही हो सकती है। श्रेष्ठ वही है जिसमें रचयिता का गहन चिंतन और अनुभूतियाँ रही है। रचनाकार का यह अनुभूति तत्व अपनी महानता, उदात्तता, भव्यता या गरिमा के कारण रचना को महान बनाता है।